नोएडा , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 98 के पास एक चलती कार में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना की जानकारी देते हुए शनिवार को पुलिस ने बताया कि, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चलते समय अचानक उसमें से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारु कराया। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है लेकिन पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन घटना ने एक बार फिर वाहन सुरक्षा और नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित