सेंट्रल नोएडा , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र सेंट्रल नोएडा जोन थाना बिसरख क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस में तैनात एक जवान की लाइसेंसी पिस्टल से उसकी महिला मित्र ने खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, एवं जांच उपरांत के बाद पुलिस ने जानकारी दी, उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना एक पार्टी के दौरान हुई, जहां किसी बात को लेकर युवती और दिल्ली पुलिस के जवान के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद युवती ने जवान की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले को युवती द्वारा आत्महत्या के प्रयास से जुड़ा मानते हुए आत्महत्या के दुष्प्रेरण के आरोप में अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस ने गाजियाबाद राजनगर एक्सटेंशन, निवासी आरोपी आशीष पवार पुत्र खिलेंद्र सिंह पवार,को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित