सेंट्रल नोएडा , फरवरी 07 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र सेंट्रल नोएडा जोन इकोटेक तृतीय थाना पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच गत रात पुलिस मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ जलपुरा स्थित बिजली घर के पास उस समय हुई, जब पुलिस संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बारे में शनिवार को जानकारी दी गई।

पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्रांतर्गत चेकिंग के दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। रास्ते में पानी भरा होने के कारण कार फंस गई। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया, खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ मौत पुत्र अशोक, हाथरस के तिलोटी गांव,सासनी थाना,के रूप में हुई है।

मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश के कब्जे से एक पीली धातु की चेन, एक दीवार घड़ी,कपड़े व मेकअप किट, एक होंडा सिटी कार,तमंचा और उसके जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित