उदयपुर , मार्च 15 -- राजस्थान के उदयपुर में संगीत, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही अन्तरराष्ट्रीय संस्था सृजन द स्पार्क का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन रविवार को संपन्न हुआ।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध हास्य कवि एवं तारक मेहता फेम शैलेश लोढा ने कहा कि कला, संस्कृति और संगीत के क्षेत्र में सृजन द स्पार्क अपने विभिन्न कार्यों के जरिये महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उभरते कलाकारों को ख्यातनाम कलाकारों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देकर उन्हें प्रोत्साहित करती आयी है। सृजन करने वालों की मूर्तियां ही लगायी जाती है न कि आलोचना करने वालों की, इतिहास इसका गवाह है।
संस्था के अपेक्स अध्यक्ष राजेश खमेसरा ने देश विदेश से आये सभी चेप्टर के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए बताया कि मात्र 13 वर्ष की अपनी यात्रा में अमरीका, ब्रिटेन, कनाडा के अलावा उदयपुर, जयपुर, जोधपुर, कोटा, झुंझुनूं, दिल्ली एनसीआर, अहमदाबाद, चेन्नई एवं हैदराबाद में हमारी संस्था के चेप्टर्स कार्यरत रह कर संगीत, कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं।
संस्था के मुख्य संरक्षक प्रसन्न खमेसरा ने बताया कि सृजन द स्पार्क ने अपने अब तक के सफर में केवल कला, संस्कृति और संगीत के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि सामाजिक सरोकारों की पूर्ति के लिये भी कार्यरत रहती आयी है। उदयपुर शहर में निर्माणाधीन विश्वस्तरीय अकादमी का ध्येय नई प्रतिभाओं को खोज कर उन्हें मंच प्रदान करना, लुप्त होती कलाओं को पुनर्स्थापित करना और प्रस्तावित म्युजियम के जरिये लुप्तप्राय कला और वाद्य यंत्रों को संजोकर रखने का है। निजी संस्था द्वारा अपने ही स्त्रोतों से स्थापित यह देश की पहली अकादमी होगी।
सम्मेलन के दौरान रंगारंग कार्यक्रम में इंडियन आइडल फेम बॉलीवुड कलाकार भव्या पंडित ने अपने गीतों एवं अदाकारी से सभी का दिल मोह लिया। कार्यक्रम में सृजन के अपने कलाकारों ने भी अपनी अपनी प्रस्तुतियां पेश की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित