नयी दिल्ली , फरवरी 05 -- भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि उनकी कप्तानी ने टीम इंडिया को बदल डाला है।
पंत ने आजतक के कार्यक्रम 'सलाम क्रिकेट' में कहा, ''सूर्या भाई की एनर्जी ड्रेसिंग रूम का माहौल ही बदल देती है। वे सिर्फ बल्लेबाज नहीं, बल्कि ऐसे लीडर हैं जो हर खिलाड़ी को आजादी और भरोसा देते हैं। '' पंत के मुताबिक टीम इंडिया में दिखाई दे रही एग्रेसिव माइंडसेट की जड़ में कप्तान की सोच और फास्ट बॉलर्स की भूमिका है।
टी20 वर्ल्ड कप का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और ऋषभ पंत ने पहले सत्र में कहा कि टी20 वर्ल्ड कप को इंजॉय करना पड़ेगा. उन्होंने बताया कि फिलहाल वे रिकवरी फेज में हैं और वर्ल्ड कप का प्रेशर होगा, लेकिन होम ग्राउंड में खेल का अनुभव अलग होता है।
पंत 10 जनवरी से टीम इंडिया से बाहर हैं और तब से बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर मेहनत कर रहे हैं। उन्हें वडोदरा में एक अभ्यास सत्र के दौरान साइड स्ट्रेन चोट लगी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित