श्रीगंगानगर , फरवरी 04 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ शहर में नये न्यायालय भवन के लिए बजट आवंटन और अतिरिक्त जिला न्यायालय-2 खोलने की मांग को लेकर बार संघ के अधिवक्ताओं का धरना बुधवार को छठे दिन और क्रमिक अनशन दूसरे भी जारी रहा।
दो सूत्री मांगों को लेकर वकीलों के आंदोलन के चलते बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हनुमान शर्मा ने जयपुर में उच्च न्यायालय रजिस्ट्रार एवं विधि सचिव को स्मरण पत्र सौंपकर सूरतगढ़ में नये न्यायालय भवन का बजट एवं एडीजे-2 खोलने की मांग से अवगत करवाया।
बार संघ न्यायिक के अध्यक्ष अनिल भार्गव ने बताया कि नये न्यायालय भवन के लिए बीकानेर मार्ग पर वर्ष 2022 में आठ बीघा भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी करके न्याय विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके बाद से अधिवक्ता लगातार भवन निर्माण का बजट देने राज्य सरकार एवं राजस्थान उच्च न्यायालय प्रशासन के चक्कर लगा रहे हैं। अब तक आश्वासन ही मिले हैं। अतिरिक्त जिला न्यायालय-2 खोलने की आवश्यकता से भी सरकार को अवगत करवा रहे हैं।
संघ के कोषाध्यक्ष उदितनारायण ओझाईया ने बताया कि शहर के संगठनों के साथ कल गुरुवार को धरना स्थल पर बैठक होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित