श्रीगंगानगर , फरवरी 07 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ शहर में नए न्यायालय भवन के निर्माण के लिए बजट आवंटन और एक अतिरिक्त जिला न्यायालय खोलने की मांग को लेकर आंदोलनरत वकीलों के धरना स्थल पर शनिवार शाम ट्रैक्टर पर सवार अज्ञात युवकों हमला कर दिया।
घटना सूरतगढ़ के धरना स्थल पर शाम के समय हुई, जहां वकील पिछले कुछ दिनों से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। अचानक एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार से धरना स्थल के पास से गुजर रहा था। वकीलों ने ट्रैक्टर चालक को धीरे चलने की हिदायत दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। ट्रैक्टर पर सवार युवकों ने अचानक वकीलों पर कस्सी और ईंटों से हमला बोल दिया।
इस अचानक हुए हमले से कई वकील घायल हो गए। घायलों में एडवोकेट राकेश नायक, सतवीर सिहाग और महेंद्र बारूपाल के नाम शामिल हैं, जिन्हें सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे अपना आंदोलन और तेज कर देंगे। वरिष्ठ वकीलों ने इसे 'सुनियोजित साजिश' करार दिया और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित