श्रीगंगानगर , फरवरी 25 -- राजस्थान में भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर बुधवार को पूरे देश में मनाये जा रहे 'विरोध दिवस' के क्रम में राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में सूरतगढ़ सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर स्टेशन के सैकड़ों कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया और अधिकारियों को मांगों का ज्ञापन दिया।
राष्ट्रीय विद्युत उत्पादन निगम कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ की विद्युत इकाई) के सदस्यों ने अपनी काली पट्टी बांधकर काम करते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार द्वारा श्रमिकों के हितों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाते हुए विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी भी की।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश प्रसाद चमोला ने बताया कि इस देशव्यापी विरोध दिवस के माध्यम से श्रमिक संगठन सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें रख रहा है। औद्योगिक संबंध संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियों संहिता 2020 में मौजूद श्रमिक-विरोधी प्रावधानों में तुरंत संशोधन करने की मांग मुख्य रूप से की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित