सूरजपुर , अप्रैल 16 -- ) छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दंतैल हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे के भीतर हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम कोटबहरा निवासी केशव राम की हाथी के हमले में मौत हो गई। वहीं गुरुवार को कल्याणपुर क्षेत्र के घाघी टिकरा में एक और घटना सामने आई, जहां अकोड़ा घाघी टिकरा निवासी मोहन सिंह को हाथी ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस तरह दंतैल हाथी ने 24 घंटे के भीतर दो लोगों की जान ले ली है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर घंटों चक्का जाम किया, जिससे प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग बाधित रहा। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी के आतंक से निजात दिलाने और मुआवजे की मांग की।

लगातार हो रही घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया है और हाथी की निगरानी के साथ ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। यह घटनाएं अंबिकापुर-बनारस मार्ग के समीप की बताई जा रही हैं, जहां हाथी की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित