महासमुंद , फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कर्मचारी कॉलोनी में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार परिवार घर पर ताला लगाकर तीर्थ यात्रा पर गया हुआ था।

इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला काटकर भीतर प्रवेश किया और सोना-चांदी के आभूषणों सहित नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि चोरी में करीब 10 तोला सोने के जेवरात, लगभग 150 तोला चांदी के आभूषण तथा 1 लाख रुपये से अधिक नकदी शामिल है। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक कुल नुकसान लगभग 30 लाख रुपये के आसपास आंका जा रहा है।

तीर्थ यात्रा से लौटे परिवार ने जब घर का ताला टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। भीतर प्रवेश करने पर अलमारियां खुली मिलीं और घर का सामान बिखरा हुआ था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

मामला पिथौरा थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित