बैतूल , फरवरी 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के मुताबिक महिला गेंदाबाई पवार अंबेडकर वार्ड स्थित मकान में अकेली रहती हैं। कुछ दिन पहले वे इलाज के सिलसिले में छिंदवाड़ा गई हुई थीं। घर में ताला लगा होने से मकान सूना पड़ा था। गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अलमारी में रखे लगभग 40 हजार रुपये नकद तथा 70 से 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजन गेंदाबाई पवार को लेकर वापस घर पहुंचे तो नकदी और जेवरात गायब मिलने पर चोरी की पुष्टि हुई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित