बैतूल , फरवरी 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल थाना कोतवाली पुलिस ने सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से टीवी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य घरेलू सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया के नेतृत्व में टीम ने मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार फरियादी भवानी प्रसाद मालवीय निवासी टिकारी कृष्णपुरा ने नवंबर 2025 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात, टीवी और अन्य गृहस्थी का सामान चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को ओझाढाना और गंज बैतूल क्षेत्र की कुछ महिलाओं पर संदेह हुआ। पूछताछ में तीनों महिलाओं ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि कबाड़ बीनने के दौरान टिकारी क्षेत्र में लंबे समय से बंद मकान को देखकर उन्होंने योजना बनाई और रात के समय ताला तोड़कर चोरी की।
गिरफ्तार आरोपियों में ग्रेशी उर्फ निशा (23), संजना उर्फ नागिन (21) और सुनिता उर्फ टकली (35) शामिल हैं, जो सभी ओझाढाना क्षेत्र की निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से एलजी कंपनी की एलईडी टीवी, सोने की अंगूठियां, चांदी के सिक्के, करधन, पायल, पीतल और तांबे के बर्तन सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ते समय पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस टीम एवं निर्भया दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित