खार्तूम , फरवरी 12 -- उत्तरी सूडान के नाइल नदी प्रांत में यात्री नौका के डूबने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गयी।

सूडान के नागरिक सुरक्षा प्राधिकरण के एक सूत्र ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार लकड़ी की नाव तैयबा अल-खावद और दैम अल-कराई गांवों के बीच यात्रा कर रही थी और उसमें महिलाओं, बुजुर्गों तथा बच्चों समेत 27 से अधिक यात्री सवार थे। उच्च लहरों के कारण नाव पलट गयी। घटना की सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा इकाइयां मौके पर पहुंचीं। अब तक 15 से अधिक शव बरामद किये जा चुके हैं। आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि करीब चार अन्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

इस बीच स्वैच्छिक संगठन सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने भी एक बयान में हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि 15 से अधिक शव निकाले जा चुके हैं और छह लोग जीवित बचे हैं, जबकि स्थानीय निवासी और नागरिक सुरक्षा बल लापता यात्रियों की तलाश जारी रखे हुए हैं।

संगठन ने नदी परिवहन की असुरक्षा और बुनियादी सुरक्षा मानकों की कमी को रेखांकित करते हुए संबंधित अधिकारियों से विशेष बचाव दल और खोज एवं बरामदगी उपकरण तैनात करने की अपील की। साथ ही, भविष्य में इस तरह की त्रासदियों को रोकने के लिए नदी परिवहन सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित