राजनांदगांव , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा एवं राजनांदगांव जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आगामी 'सुशासन तिहार' की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशासन सीधे गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल आवेदन लेने तक सीमित न रहे, बल्कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और परिणाम आधारित निराकरण किया जाए।

मंत्री ने बताया कि 1 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस अभियान के दौरान मुख्यमंत्री के संभावित प्रवास को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियां पुख्ता रखें। उन्होंने अधिकारियों से फील्ड में जाकर कार्यों की निगरानी करने और समन्वित टीम भावना से काम करने को कहा। शिविरों से पहले हितग्राहियों की सूची तैयार रखने के निर्देश दिए गए ताकि मौके पर ही समस्याओं का निराकरण हो सके।

समीक्षा के दौरान नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। छात्रवृत्ति वितरण, कोचिंग और छात्रावासों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ बेहतर परीक्षा परिणामों के लिए विशेष योजना बनाने को कहा गया।

इसके अलावा अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने, पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन और नए राशन कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था रखने और स्वास्थ्य केंद्रों पर अनावश्यक रेफरल रोककर ग्रामीण स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित