पटना , नवंबर 01 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शनिवार को कहा कि सुशासन, विश्वास और विकास की राजनीति के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार विधानसभा चुनाव में नया इतिहास रचेगा।
श्री प्रसाद ने बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सभाओं में उमड़ती अभूतपूर्व भीड़ यह स्पष्ट संकेत दे रही है कि बिहार की जनता एक बार फिर विकास और स्थायित्व के पक्ष में एकजुट है। उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि राजग 2010 से भी बेहतर नतीजों के साथ सत्ता में वापसी करेगा।
श्री प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के कार्यकाल में लिए गए ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसलों ने बिहार की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से लेकर आधारभूत संरचनाओं के विकास तक, नीतीश सरकार ने समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। आज बिहार की महिलाएं आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं, तो वहीं सड़कों, पुलों, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए कार्यों ने राज्य के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
जदयू नेता ने कहा कि जनता अब तथ्यों और विकास को देख रही है, न कि झूठे वादों और भावनात्मक नारों को। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा किए जा रहे हवा-हवाई वादों को जनता पूरी तरह से नकार चुकी है। बिहार की जनता जानती है कि विकास की गारंटी केवल नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजद सरकार ही दे सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता और जनता का बढ़ता विश्वास इस बात का प्रतीक है कि बिहार में विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति को ही समर्थन मिलेगा। राजग की यह चुनावी यात्रा जनता के विश्वास और सहयोग के बल पर एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित