कोलकाता , जनवरी 14 -- पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करने की चेतावनी देते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें कोयला घोटाले से जोड़ते हुए उनके बारे में बेबुनियाद और मानहानिकारक टिप्पणियां की हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री तय समय के भीतर आरोपों का सबूत मांगने वाले कानूनी नोटिस का जवाब देने में विफल रहीं। श्री अधिकारी ने अपने एक्स हैंडल पर बुधवार को एक पोस्ट में लिखा, "लगता है ममता बनर्जी की अक्ल ठिकाने आ गयी है। मेरी तरफ से मानहानि नोटिस में ममता बनर्जी को दी गयी समय-सीमा अब खत्म हो गयी है और वह मुश्किल में होने के कारण जवाब नहीं दे पायी हैं।"उन्होंने लिखा, "मुख्यमंत्री ने अपने व्यवहार से यह साफ कर दिया है कि कोयला घोटाले में मेरे शामिल होने के बारे में उनके मनगढ़ंत आरोप उनकी खराब मानसिकता का नतीजा थे। न्यायालय में कानूनी नतीजों का सामना करने के लिए तैयार रहें। ममता बनर्जी, अब मैं आपसे अदालत में मिलूंगा।"श्री अधिकारी ने पिछले शुक्रवार को अपने वकील के जरिए मुख्यमंत्री को एक मानहानि का नोटिस भेजा था, जिसमें उनकी हाल की कुछ टिप्पणियों पर आपत्ति जतायी गयी थी। उन्होंने नोटिस में 72 घंटे के भीतर दस्तावेजी सबूत मांगे थे ताकि उनके इस कथित दावे को साबित किया जा सके कि वह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोयला घोटाले में शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि सुश्री बनर्जी की ओर से बिना किसी जवाब के समय सीमा खत्म हो गयी है।
श्री अधिकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री की चुप्पी साफ तौर पर दिखाती है कि उनके पास अपने आरोपों को साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं है और अब वह जवाब देने में असमर्थ हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन टिप्पणियों से उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।
यह विवाद गुरुवार और शुक्रवार को बनर्जी की टिप्पणियों से शुरू हुआ, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजनीतिक परामर्श कंपनी आई-पैक के कार्यालयों और इसके संस्थापक प्रतीक जैन के आवास पर छापे मारे थे। सुश्री बनर्जी ने दोनों जगहों का दौरा करते हुए ईडी और भाजपा पर मिलीभगत से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की चुनावी रणनीति चुराने की कोशिश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित