फगवाड़ा , अप्रैल 3 -- पंजाब में सुल्तानपुर लोधी उपमंडल में सिधवां दोना-मोठनवाला रोड पर कुलारां के पास हथियारबंद बदमाशों ने पंजाब रोडवेज की चलती बस को रोककर कंडक्टर को हथियार के बल पर लूट लिया।
बस चालक पवित्र सिंह और कंडक्टर मलकियत सिंह के अनुसार बस अपने नियमित रूट पर थी। जब बस मोठनवाला के पास एक फैक्ट्री के समीप पहुँची, तो एक पुरानी सफेद होंडा सिटी कार में सवार 3-4 युवकों ने बस को ओवरटेक किया और रास्ता रोककर उसे जबरन रुकवा लिया। तेजधार हथियारों (दातर) से लैस दो आरोपी बस के भीतर घुस गए और कंडक्टर को डराया-धमकाया। उन्होंने कंडक्टर के पास मौजूद बैग छीन लिया, जिसमें लगभग 800-900 रुपये की नकदी थी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के दौरान एक हमलावर ने अपनी पहचान उजागर की और कंडक्टर को मामला पुलिस में न बताने की गंभीर धमकी भी दी।
दिनदहाड़े हुई इस अचानक हमले से बस में सवार यात्री बुरी तरह सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद बस स्टाफ मोठनवाला थाने पहुँचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने और वारदात में इस्तेमाल की गई कार का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित