सुलतानपुर , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 28 फरवरी की रात्रि थाना बल्दीराय पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। सूचना मिली कि एक बदमाश अवैध शस्त्र के साथ पारा की ओर जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श सिंह निवासी ग्राम डोभियारा, थाना हलियापुर, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई है। वह थाना हलियापुर से वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार 20 नवंबर 2025 को अयोध्या जिले की पुलिस उसे पकड़ने के लिए दबिश देने आई थी, जहां आरोपी ने परिजनों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी असलहा व मोबाइल छीन लिया था। इस संबंध में थाना हलियापुर में मुकदमा दर्ज है। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित