सुलतानपुर , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले की पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान में लगभग 15 क्विंटल 20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1.5 करोड़ रुपये है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया।

सुलतानपुर जिले के पुलिस उपाधीक्षक सौरभ सामंत ने आज यहां बताया कि कल सुलतानपुर-लखनऊ हाईवे पर रवनिया पूरब गांव के पास से पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को घेराबंदी कर रोका और उसकी तलाशी ली, जिसके बाद भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था और इसे लखनऊ में किसी अन्य व्यक्ति को सप्लाई किया जाना था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि अवैध धंधे की जड़ों तक पहुंचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित