सुलतानपुर , फरवरी 03 -- समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को 'फॉर्म-7' में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। पार्टी ने आरोप लगाया कि जिले की विभिन्न विधानसभाओं में सुनियोजित तरीके से मतदाता सूची से नाम कटवाने की कोशिश की जा रही है।

सपा के ज्ञापन में कहा गया है कि गांवों और नगरों में 'प्री-प्रिंटेड' फॉर्म-7 थोक में जमा किए जा रहे हैं, जिनमें एक जैसी लिखावट और विवरण हैं। पार्टी का दावा है कि कई फॉर्म एक ही व्यक्ति द्वारा भरे गए हैं तथा हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान संदिग्ध हैं। आरोप है कि पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के वैध मतदाताओं को निशाना बनाकर उनके नाम हटाने की साजिश रची जा रही है। सपा ने 'इलेक्टोरल रोल्स मैनुअल-2023' का हवाला देते हुए कहा कि बिना नोटिस और सत्यापन के नाम काटना नियम विरुद्ध है।

पार्टी ने मांग की है कि संदिग्ध व थोक में जमा फॉर्म-7 को तत्काल निरस्त किया जाए तथा फर्जीवाड़े में शामिल लोगों पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए। सपा ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह जनांदोलन के साथ उच्च न्यायालय और निर्वाचन आयोग का दरवाजा खटखटाएगी। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, विधायक मोहम्मद ताहिर खान, अनूप संडा सहित कई नेता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित