सुलतानपुर , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश में अलग अलग थाना क्षेत्रों बल्दीराय, हलियापुर, अखंडनगर, बंधुआकला और कुड़वार में दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत तथा कई घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों में कुड़वार थानाक्षेत्र के पूरे शिववंश दुबे निवासी 20 वर्षीय महेंद्र तिवारी भी शामिल हैं। बिजली का खंभा गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महेंद्र अपनी बहन की शादी के लिए दस दिन पहले ही परदेस से घर लौटे थे। बुधवार शाम को उन्हें परिवार के साथ बहन कौशिक का तिलक लेकर अलीगंज बाजार जाना था। बहन की बारात 7 मई को आनी थी।
बल्दीराय थानाक्षेत्र में दो लोगों की जान गई। कस्बा माफियात में सुरेश कुमार सोनकर की आठ वर्षीय बेटी महिमा की मौत छप्पर के मकान पर ईंट गिरने से हुई। वह कक्षा 3 की छात्रा थी। इसी थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव में 58 वर्षीय रामबरन पुत्र शिवदास के घर पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे निधई तिवारी मजरे डोभियारा में 35 वर्षीय रीता पत्नी बम बहादुर की मौत कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से हुई। उनके पति खेती-किसानी करते हैं। रीता अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित