सुलतानपुर , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के थाना कुड़वार के कुड़वार कस्बे में बुधवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजन उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि बुधवार देर शाम मृतक माता प्रसाद पांडेय नरवापार कुड़वार कस्बे में कमला इंडियन गैस सर्विस पर अपनी स्कार्पियो से उतरे थे। तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वे गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर वह खुद अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह और सीओ सिटी सौरभ सामंत सहित पुलिस बल अस्पताल पहुंची। घटना की स्थिति का जायजा लिया था परिजनों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को कुड़वार कस्बे में एक व्यक्ति को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। मृतक प्लॉटिंग (जमीन की खरीद-बिक्री) से जुड़े कामकाज करते थे। किसी अज्ञात हमलावर ने पीछे से आकर उन्हें गोली मारी। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी और एसओजी टीमों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित