सुलतानपुर , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शिवकुमार अग्रहरि बीमार अवस्था में आज अपने आवास की तीसरी मंजिल से गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई। सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के बाद हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रिफर के दिया गया। इस बीच उनकी मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक नगर कोतवाली क्षेत्र के मेजरगंज मोहल्ला निवासी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शिवकुमार अग्रहरि एवं स्वर्ण व्यापारी लंबे समय से बीमार चल रहे थे, इस बीच आज सायं घर के कमरे से छत पर और छत से छज्जे पर आ गए और देखते देखते वह तीन मंजिला इमारत से नीचे गिर गए। गिरने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। इस बीच उन्होंने दम तोड़ दिया।
अग्रहरि महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। वह भाजपा के एक प्रमुख व्यापारी नेता थे और नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे। अग्रहरि सरल स्वभाव और मजबूत इरादों के लिए जाने जाते थे। वह व्यापारियों के बीच खासे लोकप्रिय थे और नगर उद्योग व्यापार मंडल व सराफा व्यापार मंडल के संरक्षक के रूप में उनकी पहचान थी। उन्होंने चार दशकों से अधिक समय तक व्यापारियों के मान-सम्मान के लिए संघर्ष किया। उनके निधन से व्यापारी समाज और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। ठठेरी बाजार मेजरगंज स्थित उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। व्यापारी समाज ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित