सुलतानपुर , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए जल उपलब्ध कराने के लिये सामाजिक संस्था 'कटका क्लब' ने मंगलवार को जलपात्र स्थापना अभियान की शुरुआत की।

कटका बाजार में विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने के उद्देश्य से जलपात्र लगाए जा रहे हैं। यह क्षेत्र श्रीराम वनगमन पथ (प्रयागराज-अयोध्या मार्ग) पर स्थित है।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र के नेतृत्व में सदस्य इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं और आम लोगों को भी पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में जल की कमी के कारण अनेक पक्षियों के जीवन पर संकट उत्पन्न हो जाता है, ऐसे में छोटे-छोटे प्रयास भी उनके लिए जीवनदायी साबित हो सकते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए जलपात्र अवश्य रखें। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करती है।

स्थानीय लोगों ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया है। अभियान में बृजेन्द्र मिश्र, राजकुमार मिश्र, अंजनी तिवारी, हर्षित, ऋषभदेव शुक्ल और कांति सिंह सहित कई लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित