सुलतानपुर , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में चर्चित चिकित्सक डॉ घनश्याम तिवारी हत्याकांड मामले में बुधवार को दीवानी न्यायालय के अपर जिला जज (एडीजे) संध्या चौधरी ने मुख्य अभियुक्त अजय नारायण सिंह और सह-अभियुक्त दीपक सिंह को दोषी मानते हुए जेल भेज दिया। अदालत अब 24 मार्च को सजा के बिंदु पर फैसला सुनाएगी।

गौरतलब है कि बीते 23 सितंबर 2023 को जिले के थाना कोतवाली लंभुआ के सखौली कला गांव निवासी डॉ. घनश्याम तिवारी की कोतवाली नगर के नरायनपुर गांव में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उनकी पत्नी निशा तिवारी ने इस मामले में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में नरायनपुर गांव के अजय नारायण सिंह, उनके पिता जगदीश नारायण सिंह, चचेरे भाई विजय नारायण सिंह और मायंग गांव के ड्राइवर दीपक सिंह के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान आरोपी जगदीश नारायण सिंह और विजय नारायण सिंह का निधन हो गया था। इसके बाद अजय नारायण सिंह और दीपक सिंह के खिलाफ मुकदमा चल रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित