सुलतानपुर , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में गौकशी के एक मामले में लापरवाही बरतने पर प्रभारी निरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गोसाईगंज थाना क्षेत्र के राजापुर देनवा गांव में रविवार देर रात गौकशी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उन्हें थाने से छोड़ दिए जाने पर मामला विवादित हो गया।

जांच में पाया गया कि विवेचक उप निरीक्षक अनिल कुमार यादव ने मामले की विवेचना में घोर लापरवाही बरती, जबकि प्रभारी निरीक्षक रामआशीष उपाध्याय ने भी मामले में अपेक्षित रुचि नहीं ली। दोनों ने अपने पर्यवेक्षणीय दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया, जिसके चलते न्यायालय द्वारा आरोपियों का रिमांड स्वीकार नहीं किया गया और वे रिहा हो गए।

इस घटना के बाद सूचना देने वाले व्यक्ति सहित विभिन्न संगठनों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक रामआशीष उपाध्याय, उप निरीक्षक अनिल कुमार यादव तथा हेड कांस्टेबल राघवेंद्र प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही तीनों के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित