सुलतानपुर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बुधवार को आए आंधी-तूफान में सात लोगों की मौत हो गई थी, जिनके आश्रितों को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर राज्य आपदा मोचक निधि से 4-4 लाख रुपये की अहैतुक सहायता राशि वितरित की गई है।
जिले के जिला सूचनाधिकारी डॉ धीरेंद्र यादव ने बताया कि बुधवार को आए आंधी तूफान में तहसील सदर में 3, बल्दीराय में 3 व कादीपुर में एक मृत्यु हुई थी, त्वरित कार्यवाही कराते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर सभी 7 मृतकों के आश्रितों को राज्य आपदा मोचक निधि से प्रति मृतक 4-4 लाख रुपये की अहैतुक सहायता राशि 24 घंटे के भीतर उपलब्ध करा दी गई है। जिलाधिकारी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। राजस्व एवं चिकित्सा विभाग की टीमें लगातार राहत कार्य में लगी हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर ध्यान दें और खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहें।
जिले के सात मृतकों में कुड़वार थानाक्षेत्र के पूरेशिववंश दुबे निवासी महेंद्र तिवारी (20) भी शामिल हैं। बिजली का खंभा गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। महेंद्र अपनी बहन की शादी के लिए दस दिन पहले ही परदेस से घर लौटे थे। 7 मई को उनकी बहन की बारात आनी थी। बल्दीराय थानाक्षेत्र में दो लोगों की जान गई। कस्बा माफियात में सुरेश कुमार सोनकर की आठ वर्षीय बेटी महिमा की मौत छप्पर के मकान पर ईंट गिरने से हुई। वह कक्षा 3 की छात्रा थी। इसी थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव में 58 वर्षीय रामबरन पुत्र शिवदास के घर पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित