इंफाल , फरवरी 09 -- सुरक्षा बलों ने मणिपुर के विभिन्न जिलों में चलाये गये अलग-अलग अभियानों के दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सुरक्षा बलों ने नोनी जिले के नुंग्बा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत लेंगलोंग और ताईखांग के सामान्य क्षेत्रों से रविवार को हथियार और गोला-बारूद बरामद किये। बरामद वस्तुओं में मैगजीन के साथ एक 7.62 मिमी एके-47 राइफल, मैगजीन के साथ एक यूएस कार्बाइन एम2, मैगजीन के साथ एक .22 पिस्तौल, एक डीजेआई ड्रोन, चार 8 मिमी ब्लैंक राउंड, 5.56 मिमी गोला-बारूद 17 राउंड, 7.62 मिमी एके-47 की 39 गोलियां, आठ 9 मिमी कार्बाइन बॉल गोलियां, नौ 7.62 मिमी एसएलआर बॉल राउंड, सात 12-बोर कारतूस, दो बाओफेंग रेडियो सेट और कॉर्टेक्स तार शामिल हैं।

सुरक्षा बलों ने रविवार को ही एक अन्य अभियान में टेंगनौपाल जिले के टेंगनौपाल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मोलनोम-मोलनोई गांव और आसपास के क्षेत्रों से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की।

जब्त किए गए सामान में एक एके राइफल, एक पिस्तौल, दो इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार, एक सिंगल-बैरल राइफल, दो इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार बम, और आईईडी वायर बंडल के साथ 14 आईईडी विस्फोटक शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि आईईडी विस्फोटक और वायर बंडलों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित