इम्फाल , अक्टूबर 01 -- मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने अपराध और उग्रवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान में मंगलवार को राज्य में कयी गिरफ्तारियाँ की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
सूत्रों ने बताया कि मणिपुर पुलिस ने थौबल जिले के याइरीपोक क्षेत्र में फौडेल ऑयल पंप से एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान पुलीपोकपी सलाम माचा निवासी दावद खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से बिना पंजीकरण संख्या वाला एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने विभिन्न अभियानों में कई उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। सिंगजामेई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत थोंगजू क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान में पूर्वी इम्फाल जिले के खाबम लमखाई से प्रतिबंधित संगठन 'मणिपुर राष्ट्रीय क्रांतिकारी मोर्चा' के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित