रायपुर , जनवरी 29 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सुरक्षा बलों के पराक्रम से बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प में मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि के बीजापुर जिले के कावरगट्टा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है।
श्री साय ने गुरुवार को कहा, " जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीमों ने अदम्य साहस और उत्कृष्ट रणनीति का परिचय देते हुए दो कुख्यात माओवादियों कथित एरिया कमांडर प्रदीप (एसीएम) और पार्टी सदस्य भीमा (पीएम) को मार गिराने में सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों का यह पराक्रम बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के राज्य सरकार के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और विकास के मार्ग में बाधा बनने वाली ताकतों के खिलाफ सरकार और सुरक्षा बल पूरी दृढ़ता के साथ कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार के अटल मार्गदर्शन तथा डबल इंजन सरकार के सुशासन के कारण बस्तर अंचल में हालात तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां आज शांति, विश्वास और विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस सफल अभियान के लिए सभी सुरक्षा बलों के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस, समर्पण और बलिदान से ही बस्तर में स्थायी शांति और समृद्धि का सपना साकार हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित