बीजापुर , जनवरी 29 -- छत्तीसगढ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा रास्ते में लगाए गए दो शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) को सुरक्षित रूप से नष्ट कर एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया है। यह कार्यवाही ईलमिड़ी थाना क्षेत्र के लंकापल्ली गांव के निकट की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 जनवरी को डीआरजी बीजापुर, थाना ईलमिड़ी और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की नौवीं बटालियन की एक संयुक्त टीम ईलमिड़ी-लंकापल्ली क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान, लंकापल्ली की कच्ची सड़क पर डिमाईनिंग कार्यवाही करते हुए टीम को माओवादियों द्वारा लगाए गए 20-30 किलोग्राम वजन के दो आईईडी बरामद हुए। बीडीएस (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) बीजापुर की टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इन विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।

पुलिस के ही अनुसार, माओवादियों ने इन आईईडी को कमांड स्विच सिस्टम से जोड़कर सड़क के बीचों-बीच लगाया था। इनका लक्ष्य गुजरने वाले बड़े वाहनों, जिनमें सुरक्षा बलों के वाहन शामिल हो सकते थे, को नुकसान पहुंचाना था। सुरक्षा बलों की सतर्कता, सूझ-बूझ और त्वरित कार्यवाही से माओवादियों की यह नापाक साजिश विफल रही।

इस सफलता को सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे न केवल जान-माल के नुकसान को टाला गया है, बल्कि इस इलाके में माओवादियों की गतिविधियों पर भी करारा प्रहार हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान जारी रखा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित