वाशिंगटन , फरवरी 11 -- अमेरिकी विमानन नियामक, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने टेक्सास प्रांत के एल पासो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों पर 10 दिनों के लिए रोक लगा दी है। नियामक ने इस अचानक की गई कार्रवाई के पीछे "विशेष सुरक्षा कारणों" का हवाला दिया है, हालांकि इनका विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

नियामक की ओर से मंगलवार देर रात जारी नोटिस के अनुसार, यह प्रतिबंध 20 फरवरी तक प्रभावी रहेगा। इस आदेश के तहत एल पासो और उसके नजदीकी समुदाय सांता टेरेसा (न्यू मैक्सिको) के ऊपर के पूरे हवाई क्षेत्र को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

एल पासो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुष्टि की है कि मंगलवार स्थानीय समयानुसार रात 11:30 बजे से सभी उड़ानें बंद कर दी गई हैं। हवाई अड्डा प्रशासन ने बताया कि यह प्रतिबंध बहुत ही कम समय की नोटिस पर जारी किया गया था। वर्तमान में हवाई अड्डे का स्टाफ नियामक से अगले दिशा-निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहा है।

इस औचक फैसले के कारण सैकड़ों यात्री हवाई अड्डे पर फंस गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति और रिफंड या री-शेड्यूलिंग की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित