मुंबई , जनवरी 29 -- फिल्मकार सुमन घोष ने अपनी अगली फीचर फिल्म 'फैमिलीवाला' की शूटिंग शुरू कर दी है। यह फिल्म उनके लिए विंडोज प्रोडक्शंस के साथ पहला सहयोग है, वह भी ऐसे समय में, जब यह प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस फिल्म इंडस्ट्री में अपने 25 शानदार वर्षों का जश्न मना रहा है। कॉमेडी-फैमिली ड्रामा 'फैमिलीवाला' को माया लीला फिल्म्स के द्वारा सह-निर्मित किया जा रहा है और यह रोज़मर्रा के पारिवारिक जीवन में रचे-बसे हास्य और भावनाओं का सजीव चित्रण प्रस्तुत करने का वादा करती है।
इस फिल्म में शिबोप्रसाद मुखर्जी मुख्य भूमिका में नज़र आएँगे। उनके साथ एक सशक्त कलाकारों की टोली भी है, जिसमें स्वस्तिका मुखर्जी, सुदीप्ता चक्रवर्ती और अनुशुआ मजूमदार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में शामिल हैं। खास बात यह है कि स्वस्तिका मुखर्जी और सुदीप्ता चक्रवर्ती, दोनों ही इस फिल्म के माध्यम से पहली बार विंडोज़ प्रोडक्शंस के साथ जुड़ रही हैं।
विंडोज़ प्रोडक्शंस की भावनात्मक रूप से समृद्ध और आम ज़िंदगी से जुड़ी कहानियों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, 'फैमिलीवाला' पारिवारिक रिश्तों की बारीकियों को गर्मजोशी और हास्य के साथ पेश करती है। यह फिल्म निर्देशक सुमन घोष के लिए विशेष महत्व रखती है। एक ओर यह उनका इस बैनर के साथ पहला सहयोग है, वहीं दूसरी ओर यह उस टीम के साथ एक रचनात्मक जुड़ाव है, जिसकी वे लंबे समय से सराहना करते आए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित