सुपौल, दिसंबर 27 -- 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी सिमरीघाट ने नाका ड्यूटी के दौरान शुक्रवार की रात करीब 11 बजे 189 लीटर नेपाली शराब जप्त किया।
एसएसबी 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा सीमा स्तम्भ संख्या 221 से 3 किलोमीटर भारत की तरफ़ स्पर संख्या 2270 के समीप नेपाल से भारत में प्रतिबंधित सामान की तस्करी होने वाली है। इस सूचना की पुष्टि के उपरांत एसएसबी सीमा चौकी सिमरीघाट के कार्मिको का विशेष नाका दल गठित किया गया।
कार्रवाई के दिन चिन्हित स्थान पर पहुँच कर नाका दल निर्धारित स्थान पर छिप कर बैठ गया। कुछ समय बीत जाने के बाद नाका दल ने देखा की सूचना से मेल खाते हुए कुछ व्यक्ति सिर पर सामान लाद कर भारत की तरफ़ आ रहे हैं।
नाका दल ने चेतावनी देते हुए उन्हें रुकने के लिए कहा, लेकिन अंधेरे एवं घने कोहरे का लाभ उठा कर तस्कर भाग निकले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित