सुपौल , दिसंबर 27 -- बिहार में सुपौल जिले के ललित ग्राम थाने के अन्तर्गत पुलिस ने शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान गांजा की एक बड़ी खेप बरामद की है ।

पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ललित ग्राम थाने के अन्तर्गत गांजा बड़ी खेप के साथ तस्कर आने वाले हैं। इस संदर्भ में एन एच 57 पर क्वार्टर चौक समीप वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस चेकिंग को देखते ही एक सवार मोटरसाइकिल छोड़ कर भाग निकला । पुलिस ने जब मोटरसाइकिल पर लदे हुए प्लास्टिक के दो बोरों में से बंद सामानों की तलाशी ली तो उसमें 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ ।

श्री शरथ ने कहा कि पुलिस ने फिलहाल अज्ञात तस्करों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी संख्या 86/2025 दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई के लिए जुट गई है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित