सुपौल , फरवरी 04 -- बिहार में सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बुधवार को दो मवेशी व्यवसायियों से 25 लाख रुपए लूट लिए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मवेशी व्यवसायी मोहम्मद नबाब और मोहम्मद शहजाद उर्फ़ मून्ना दो बैग में 25 लाख रुपए लेकर सुपौल नगर परिषद के वार्ड संख्या 18 स्थित अपने आवास से निकले थे।उन्हें ट्रक के माध्यम से मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर पशु हाट जाना था।वहां के मवेशी व्यापारी से मवेशियों का सौदा तय होना था। इस दौरान हुसैन चौक के समीप पूर्व से घात लगाए एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने दोनों व्यवसायियों को हथियार का भय दिखाकर रूपयो से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गये।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य माध्यमों से अपराधियों की पहचान और खोज कर रही है।मवेशी व्यापारी उत्तर प्रदेश के भोपा थाना क्षेत्र के जोली गांव के रहनेवाले है। वे सुपौल में किराये के मकान में रहकर कोसी कमिशनरी क्षेत्र के मवेशी हाटों से पशु का व्यापार करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित