कोल्हापुर सतारा , फरवरी 02 -- महाराष्ट्र की नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने शपथ ग्रहण करने के बाद अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान सतारा जिले के कराड कस्बे में स्थित राज्य के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण के स्मारक 'प्रीतिसंगम' पर पुष्पांजलि अर्पित की। सुश्री पवार अपने दिवंगत पति अजीत पवार के निधन के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है।
सुश्री पवार ने अपने पति के जीवनकाल के महत्वपूर्ण क्षणों के दौरान भी प्रायः वहां जाकर और श्री चव्हाण के सिद्धांतों पर भाषण देकर दिवंगत श्री पवार की परंपरा को कायम रखा है और इसी क्रम में सोमवार सुबह उन्होंने 'प्रीतिसंगम' का दौरा कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुश्री पवार ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद, कहा कि वह छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्रपति शाहू महाराज, महात्मा फुले और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक न्यायपूर्ण एवं विकसित महाराष्ट्र के लिए काम करेंगी।
इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, पूर्व सांसद श्रीनिवास पाटिल, श्री पवार के परिवारिक सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित