नयी दिल्ली , मार्च 02 -- भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को दूरसंचार क्षेत्र में उनके वैश्विक स्तर पर योगदान के लिए ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशन्स (जीएसएमए) ने बार्सिलोना में एक वैश्विक कार्यक्रम के दौरान 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' से सम्मानित किया है।

सोमवार को कंपनी की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्री मित्तल को " यह सम्मान उन्हें दुनिया भर में दूरसंचार क्षेत्र का परिदृश्य बदलने और सरकारों, व्यवसायों तथा अरबों उपभोक्ताओं तक कनेक्टिविटी (संपर्क) के विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए दिया गया है।" वह यह सम्मान पाने वाली दूरसंचार क्षेत्र की कुछ गिनी-चुनी हस्तियों में शामिल हैं। बार्सिलोना में आयोजित 'मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस' के दौरान यह सम्मान उन्हें स्पेन के राजा महामहिम फेलिप षष्ठम, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज, कैटलोनिया के राष्ट्रपति साल्वाडोर इला और वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्री मित्तल के नेतृत्व में भारती एयरटेल आज दुनिया की अग्रणी मोबाइल ऑपरेटर कंपनियों में से एक है। भारत और अफ्रीका में अपने ऑपरेशन के साथ एयरटेल दुनिया की शीर्ष तीन कंपनियों में शामिल है और 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को अपनी सेवाएं दे रही है। उन्होंने उभरते बाजारों में मोबाइल सेवाओं के विस्तार की पहल की और साल 2017 से 2018 तक जीएसएमए के चेयरमैन के रूप में कार्य किया।इससे पहले उन्हें वैश्विक मोबाइल उद्योग के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2008 और 2016 में 'जीएसएमए चेयरमैन अवॉर्ड' से सम्मानित किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित