मोगा , मार्च 08 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा पेश किया गया बजट राज्य को और गहरे कर्ज संकट में धकेल देगा क्योंकि बजट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किये गये वादों को पूरा करने के लिए पैसा कहाँ से आएगा।

उन्होंने रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि महिलाओं को नकद सहायता देने वाली योजना के लिए हर महीने कम से कम 1000 करोड़ रूपये कहाँ से आएंगे और यह राशि लगातार कैसे उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी सवाल किया कि कहीं अन्य योजनाओं में कटौती करके चुनाव से पहले कुछ महीनों तक महिलाओं को पैसा देकर वोट लेने के बाद इस योजना को भुला तो नहीं दिया जाएगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आय के स्रोत पैदा किए बिना वोट खरीदने के लिए शुरू की गई योजनाएँ राज्य पर कर्ज का बोझ और बढ़ा देंगी, जिसका भार अंततः पंजाब के लोगों को ही उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री खुद मान चुके हैं कि राज्य का कर्ज 4.59 लाख करोड़ को पार कर जाएगा और वास्तविकता में अगले वित्तीय वर्ष के अंत तक यह पांच लाख करोड़ रुपये तक पहुँच सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित