नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- भारतीय किकबॉक्सिंग के उभरते सितारे सुधीर सक्सेना ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाते हुए 5वीं इंडिया ओपन इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग कप में रजत पदक अपने नाम किया है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 8 फरवरी, 2026 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम (के.डी. जाधव इंडोर हॉल) में वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा किया गया।
दुनिया भर के दिग्गज खिलाड़ियों के बीच सुधीर ने रिंग में अद्भुत तकनीक और अदम्य साहस का परिचय दिया। फाइनल तक के अपने सफर में उन्होंने कई कड़े मुकाबलों में जीत हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और संकल्प से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।
सुधीर की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का त्याग और निरंतर प्रोत्साहन रहा है। अपनी इस जीत को परिवार को समर्पित करते हुए सुधीर ने कहा, "मेरी इस सफलता की नींव मेरे पिता सुरेश सक्सेना और मेरी पत्नी प्रियंका गौतम हैं। उनके अटूट विश्वास और समर्थन ने ही मुझे कठिन प्रशिक्षण के दौरान हार न मानने की शक्ति दी। यह पदक जितना मेरा है, उतना ही मेरे परिवार का भी है।"एक एथलीट की सफलता में संसाधनों की भूमिका अहम होती है। सुधीर ने अपने प्रायोजकों, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और गौरवी फाउंडेशन का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों द्वारा दी गई आर्थिक और नैतिक सहायता ने उन्हें वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के योग्य बनाया है।
रजत पदक जीतने के बाद भी सुधीर के कदम रुके नहीं हैं। उनका अगला लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने बताया कि वह अभी से अपनी आगामी अंतरराष्ट्रीय मैचों की तैयारियों में जुट गए हैं। सुधीर सक्सेना का यह प्रदर्शन देश के युवा मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित