रांची, मार्च 17 -- झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश कुमार महतो झारखंड विधानसभा के समक्ष लाठीचार्ज में घायल छात्र आजसू के कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो को देखने रिम्स, रांची पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना।

श्री महतो ने घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा है कि इस घटना के दोषी पदाधिकारियों को दंडित किया जाना चाहिए। साथ ही जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित की जानी चाहिए।

बबलू महतो ने जानकारी दी कि जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित करने की मांग को लेकर छात्र झारखंड विधानसभा के समक्ष शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे और मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने हेतु पुलिस प्रशासन से अनुरोध कर रहे थे। इसी क्रम में बिना किसी चेतावनी के पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और बबलू महतो को टारगेट कर पिटाई की गई, जिससे उनका सिर फट गया और वह सड़क पर गिर पड़े। लाठीचार्ज के बाद छात्रों में अफरा तफरी मच गई। बाद में बबलू महतो को रिम्स में भर्ती करवाया गया।

वहीं लाठीचार्ज के खिलाफ राज्य भर में विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। छात्र आजसू ने मांग की है कि लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों को दंडित किया जाए और जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित की जाए।

राजधानी में छात्र आजसू ने रांची विश्वविद्यालय मुख्य द्वार से विरोध मार्च निकाला, जो अल्बर्ट एक्का चौक तक गया, जहां छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया और राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की गई।

छात्र आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने बताया कि जेटेट परीक्षा अविलंब आयोजित करवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे आजसू नेता बबलू महतो सहित निर्दोष छात्रों पर लाठी चार्ज दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। आजसू इसका पुरजोर विरोध करती है। यह सरकार छात्र विरोधी है। राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन द्वारा लाठी चार्ज कर छात्रों की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, अन्यथा आजसू बाध्य हो कर चरणबद्ध आंदोलन करेगी ।

इस विरोध मार्च और पुतला दहन करने में मुख्य रूप से पार्टी महासचिव संजय मेहता, प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, परवाज खान, पार्थ परितोष, चेतन प्रकाश, राजकिशोर महतो, अमित यादव, राजेश सिंह, अनुष्का सिन्हा, किरण कुमारी, अविनाश, अब्दुल खान , सक्षम, जमाल, मदन महतो, प्रशांत, अमर, दीपक महतो, शिवम ,मुकेश, निशांत , अमन साहू, अमित, पवन, सौरभ, प्राची , अनिशा, साहिल यादव, कृति, योगेश, मानस, बिट्टू , रौशन, शिवम, प्रियांशु तिवारी, नितेश ,राज रोशन, हर्ष गुप्ता, सचिन, बबलू , अविनाश इत्यादि उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित