साहनेवाल , मार्च, 14 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को स्पष्ट किया कि वे पंजाब और पंजाबियों के अधिकारों के लिए अडिग होकर लड़ते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता अकाली दल के साथ खड़ी होगी और 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बादल ने कहा, " गठबंधन पर अपना फैसला लेने का अधिकार हर राजनीतिक दल को है। " उन्होंने साहनेवाल में 'पंजाब बचाओ' अभियान के तहत एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने 2024 का संसदीय चुनाव भी अकेले लड़ा था। उन्होंने जोर देकर कहा, " हमारे लिए पंजाब और पंजाबियों के हित सर्वोपरि, संप्रभु और हर चीज से ऊपर हैं। "श्री बादल ने कहा कि अकाली दल दिल्ली स्थित उन पार्टियों से बिल्कुल अलग है, जो केवल सत्ता के लिए पंजाब आती हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के अधिकारों से समझौता करने के बजाय 16 साल जेल में रहना चुना। उन्होंने कहा, " पंजाबियों को बार-बार दिल्ली की पार्टियों ने धोखा दिया है, लेकिन अब वे जागरूक हो चुके हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में अकाली दल को 100 से अधिक सीटें सौंपेंगे।" अकाली दल के दृष्टिकोण को साझा करते हुए श्री बादल ने घोषणा की कि अगली अकाली दल सरकार बनने पर स्नातक तक की शिक्षा मुफ्त दी जाएगी। इसके अलावा हर जिले में एक मेडिकल, इंजीनियरिंग और वेटरनरी कॉलेज स्थापित किया जाएगा। गरीब मेधावी छात्रों के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित होंगी, जिनकी फीस सरकार भरेगी। साहनेवाल में 'वर्ल्ड स्किल यूनिवर्सिटी' की स्थापना की जायेगी ताकि युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण मिल सके।
श्री बादल ने गैंगस्टर और ड्रग माफिया को जड़ से खत्म करने का वादा किया। उन्होंने कहा, " हम ऐसा कानून लाएंगे, जिससे गैंगस्टरों और ड्रग तस्करों की जमानत नहीं मंजूर होगी और उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।" उन्होंने संकल्प लिया कि वे सतलुज और ब्यास नदियों में औद्योगिक कचरा या सीवरेज का पानी नहीं गिरने देंगे, ताकि मालवा क्षेत्र में कैंसर के प्रकोप को रोका जा सके। राजस्थान नहर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब का पानी राजस्थान को देकर ऐतिहासिक अन्याय किया है, जिसे अकाली दल सरकार आने पर सुधारेगी और वह पानी पंजाब के खेतों की ओर मोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए 10 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। बुजुर्ग पेंशन बढ़ाकर 3,100 रुपये प्रति माह और शगुन योजना की राशि एक लाख रुपये की जाएगी। 'आटा-दाल' योजना का विस्तार और व्यापारियों के लिए 'राहत' स्कीम को पुनर्जीवित किया जाएगा। जिन किसानों के पास ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं है, उन्हें तुरंत यह सुविधा दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित