शिमला , नवंबर 06 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किये गये निरंतर प्रयासों के सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम सामने आये हैं। राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार गिरावट देखी गयी है, जिससे अनगिनत जानें बच गयी हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2023 में कुल 2,253 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गयीं। 2024 में यह संख्या घटकर 2,147 रह गयी, और वर्ष 2025 में अब तक केवल 1,457 दुर्घटनाएं दर्ज की गयी हैं। यह गिरावट सरकार की सक्रिय नीतियों, बेहतर निगरानी तंत्र और सड़क सुरक्षा पर व्यापक जन जागरूकता अभियानों को दर्शाती है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि हिमाचल प्रदेश को 2023 और 2025 दोनों वर्षों में भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने जैसी गंभीर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा।
इन चुनौतियों के बावजूद, राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से सड़क सुरक्षा पर अपना ध्यान केंद्रित रखा, जिसके परिणामस्वरूप दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आयी।
प्रवक्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा वर्तमान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए हर संभव उपाय करने के स्पष्ट निर्देश जारी किये हैं, और सरकार का लक्ष्य न केवल दुर्घटनाओं की संख्या को कम करना है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा और संरक्षण भी सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित