शिमला , दिसंबर 06 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश गृह रक्षा और नागरिक सुरक्षा विभाग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इन विभागों ने राज्य की सुरक्षा, संरक्षा और विकास में असाधारण योगदान दिया है।
श्री सुक्खू शिमला के सरोगहीन में हिमाचल प्रदेश गृह रक्षा और नागरिक सुरक्षा विभाग के 63वें स्थापना दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने होम गार्ड्स, नागरिक सुरक्षा, दमकल सेवाओं और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों को बधाई देते हुए कहा कि इन विभागों ने राज्य की सुरक्षा, संरक्षा और विकास में असाधारण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि गृह रक्षा और दमकल विभाग ने इस साल 708 तलाश एवं बचाव अभियान चलाए, जिससे 448 लोगों की जान बचाई गयी। उनकी पेशेवर काबिलियत से 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को भी नुकसान से बचाया गया। इसके अलावा, विभाग ने 1,035 पानी के स्रोतों और जल निकायों को बहाल किया, जो एक सराहनीय उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यवस्था परिवर्तन के अपने बड़े उदेश्य के तहत महिला सशक्तिकरण को खास प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने घोषणा की कि अब महिलाओं को भी दमकल विभाग में शामिल किया जाएगा और भर्ती नियमों में जरूरी बदलाव जल्द ही किए जाएंगे। गृह रक्षा विभाग में भी भर्ती जल्द ही शुरू होगी। उन्होंने कहा कि सरकार गृह रक्षा और नागरिक सुरक्षा विभाग को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। मौजूदा कार्यकाल में देहा, उबदेश, नेरवा और इंदौरा में चार नए दमकल केंद्र बनाए गए हैं। इस साल दमकल की 27 नयी गाड़ियां खरीदी गयी हैं और इन इकाइयों को चलाने के लिए 150 पद मंजूर किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित