सुकमा , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) आर.के. सिंह पर एक महिला कर्मचारी द्वारा छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद प्रशासनिक हड़कंप मच गया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने तत्काल एक जांच टीम का गठन कर दिया है।
एक आदिवासी महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने कलेक्टर को सौंपे गए शिकायती आवेदन में बताया है कि वह पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किस्टाराम में पदस्थ थी, जहां से अगस्त माह में उसका स्थानांतरण सीएमएचओ कार्यालय कर दिया गया था। पीड़िता का आरोप है कि उसे कार्यालय के कार्य के बदले जबरन अधिकारी के निजी आवास पर भोजन बनाने के काम में लगा दिया गया। शिकायत के अनुसार जब वह किचन में अकेली होती थी, तब आरोपी अधिकारी उसके साथ अश्लील हरकतें करते थे और विरोध करने पर पद का धौंस दिखाकर उसे डराया-धमकाया जाता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित