जयपुर , अप्रैल 18 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश में पिछले एक साल में दस से अधिक लोगों की सीवरेज साफ करते हुए मौत हो चुकी है लेकिन सरकार कोई जवाबदेही तय नहीं कर पाई है।

श्री गहलोत ने शनिवार को अपने बयान में यह आरोप लगाते हुए कहा कि विकसित राजस्थान की बात करने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को देखना चाहिए कि राजधानी में शुक्रवार को दो सफाई कर्मचारियों की सीवरेज साफ करते हुए मौत हो गई और इससे प्रदेश में पिछले एक साल में दस से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि क्या इंसान की जान की कीमत उनकी जाति एवं आर्थिक स्थिति से ही तय होगी। क्या इन गरीबों को कभी न्याय मिल सकेगा। उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद भी ऐसा होना सरकार के माथे पर कलंक है।

श्री गहलोत ने 21वीं सदी में हाथ से मैला ढोने जैसा काम हम सभी के सिर शर्म से झुकाने वाला है। करोड़ों रुपयों की मशीन आने के बाद भी उन्हें इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्री शर्मा को इस स्थिति का संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित