चंडीगढ़/अमृतसर , अप्रैल 14 -- पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार राज्य को एक सुरक्षित प्रदेश बनाने के लिए चल रहे अभियान के बीच एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार हथियार तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। श्री यादव ने मंगलवार को यहां बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से छह अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद की गयी हैं।

गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान मंगल सिंह उर्फ मंगा (30), निवासी गांव काजीकोट, तरन तारन, प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू (24), निवासी ऑर्किड वैली, छेहरटा, अमृतसर और गौरव राणा (25), निवासी गुरु नानक एवेन्यू, अमृतसर के रूप में हुई है। बरामद पिस्तौलों में दो मेड इन चाइना .30 बोर, एक जिगाना .30 बोर और तीन .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार भेजे जा रहे थे और आरोपी खेप लेकर आपराधिक तत्वों को आपूर्ति करते थे।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाये गये एक लक्षित अभियान में पुलिस टीमों ने संदिग्ध मंगल सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार किया और उसके पास से एक .30 बोर की पिस्तौल बरामद की। उन्होंने बताया कि उसके खुलासेपर सह-आरोपी प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू और गौरव राणा को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से पांच अतिरिक्त पिस्तौलें बरामद की गयीं।

आरोपी प्रणव उर्फ लड्डू और गौरव राणा का आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी रणजीत एवेन्यू पुलिस स्टेशन में बंदूक की नोक पर लूटपाट करने के एक मामले में भी वांछित हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित