नयी दिल्ली , मार्च 27 -- कांग्रेस के तारिक अनवर ने शुक्रवार को लोक सभा में बिहार के सीमांचल खासकर कटिहार जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि एवं अतिवृष्टि से फसलों के हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया।
श्री अनवर ने शून्य काल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि सीमाचंल में हुई अतिवृष्टि से जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। गेहूं, मक्का, सब्जियों और फलों खासकर आम को काफी नुकसान पहुंचा है। वह सरकार से आग्रह करते हैं कि पीड़ितों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाये। इस आपदा से जो लोग बेघर हुए हैं, उनके पुनर्वास के लिए कदम उठाये जायें तथा मृतकों के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जाये। उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार की उचित व्यवस्था की जाये।
लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राजेश वर्मा ने सरकार की मुफ्त राशन योजना के तहत मिलने वाले अनाज की घटतौली की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि प्रति व्यक्ति मिलने वाला राशन पांच किलोग्राम के बजाय चार या साढ़े चार किलोग्राम ही पात्र व्यक्ति को मिल पाता है। राशन के दुकानदार घटतौली करते हैं और लाभार्थियों को पूरा अनाज नहीं देते। कई बार खराब गुणवत्ता का राशन भी लाभार्थियों को मिलता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि भारतीय खाद्य निगम से अनाज बोरों के बजाय पांच किलोग्राम के पैकेट में उपलब्ध कराया जाये, जिससे लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पूरा अनाज मिल सके।
निर्दलीय मोहम्मद हनीफा ने इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच हो रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए सरकार से सक्रिय भूमिका निभाने की मांग करते हुए कहा कि भारत हमेशा शांति और सहअस्तित्व का हामी रहा है। देश मुश्किल वक्त में सभी का साथ देता है। हर संकट काल में दुनिया उम्मीद से भारत की ओर देखती है।
उन्होंने कहा कि इस युद्ध से दुनिया भर में ऊर्जा संकट व्याप्त हो गया है। देश में रसोई गैस की कमी हो गयी है लोगों को लंबी-लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में भारत को युद्ध समाप्त करने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित