बैतूल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भूमि सीमांकन के दौरान राजस्व और पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है, वहीं लापरवाही के आरोप में संबंधित चौकी प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और शासकीय कार्यों में बाधा डालने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार 24 मार्च 2026 को मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ी रामोशी में राजस्व विभाग की टीम भूमि सीमांकन कर रही थी, तभी कुछ लोगों ने एकजुट होकर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पथराव कर दिया और अन्य हथियारों से हमला किया।

इस घटना में राजस्व विभाग के कर्मचारी और पुलिस स्टाफ के सदस्य घायल हो गए। मामले में थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 174/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर उप निरीक्षक रणधीर सिंह राजपूत, चौकी प्रभारी मासोद के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि उन्होंने स्थिति का समुचित आकलन नहीं किया और पर्याप्त पुलिस बल तथा आवश्यक बलवा नियंत्रण सामग्री के साथ मौके पर उपस्थित नहीं थे। इस पर उन्हें तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र बैतूल अटैच कर स्पष्टीकरण जारी किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कर्तव्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही शासकीय कार्यों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले में कानून व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम नागरिकों से शासकीय कार्यों में सहयोग करने, अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित