नयी दिल्ली , मई 04 -- केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) धोखाधड़ी और जबरन वसूली के मामलों में शामिल दिल्ली पुलिस के सबसे वांछित भगोड़े अपराधी मोहम्मद नवाज़ कक्कट इस्माइल को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पित कर भारत ले आयी है।

इस्माइल को सोमवार को हवाई मार्ग से भारत लाया गया और अब उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के साथ समन्वय करते हुए रेड नोटिस के तहत वांछित अपराधी मोहम्मद नवाज़ कक्कट इस्माइल को यूएई से भारत लाने में सफलता हासिल की है। नवाज़ दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एक मामले में वांछित था, जिसमें जबरन वसूली, धोखाधड़ी, आपराधिक गबन, जालसाजी, किसी और का रूप धारण करना और संगठित अपराध सिंडिकेट में शामिल होना जैसे विभिन्न अपराध शामिल थे।"उन्होंने बताया कि इस्माइल एक सुनियोजित जबरन वसूली रैकेट का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची और एक सरकारी अधिकारी होने का नाटक किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित